Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 07 अगस्त (हि.स.)। तेलंगाना के प्रमुख लोक पर्व बोनालू उत्सव के मद्देनजर साइबराबाद पुलिस ने रविवार, 9 अगस्त को शराब और ताड़ी की दुकानों के साथ रेस्तरां से जुड़े बार बंद रखने का आदेश जारी किया है।
साइबराबाद पुलिस आयुक्त एम. रमेश ने शुक्रवार को जारी अधिसूचना में कहा कि यह निर्णय सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश के तहत साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के कुकटपल्ली, अल्लारपुर, रायदुर्गम, जीडीमेटला, मेडचल और चंदानगर थाना क्षेत्रों में आने वाली शराब एवं ताड़ी की दुकानें बंद रहेंगी।
इसके अलावा इन थाना क्षेत्रों के रेस्तरां से जुड़े बार भी बंद रहेंगे। हालांकि, स्टार होटलों और पंजीकृत क्लबों को इस आदेश से बाहर रखा गया है।
अधिसूचना के अनुसार, संबंधित दुकानें और प्रतिष्ठान 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।
हैदराबाद के अन्य इलाकों में भी बंदी का आदेश
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने भी बोनालू उत्सव के मद्देनजर शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। राजेंद्रनगर और गोलकुंडा जोन में शराब की दुकानें 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से 10 अगस्त को सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी।
वहीं, चारमीनार जोन में शराब की दुकानों की बंदी 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से 11 अगस्त को सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj