तमिलनाडु के 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
चेन्नई, 06 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु के चार जिलों कोयंबटूर, थेनी, तिरुनेलवेली और नीलगिरि में आज और कल गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से मदुरै में लगातार
तमिलनाडु के 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


चेन्नई, 06 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु के चार जिलों कोयंबटूर, थेनी, तिरुनेलवेली और नीलगिरि में आज और कल गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह से मदुरै में लगातार अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में मदुरै में सबसे अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद तिरुचिरापल्ली में 38.5 डिग्री सेल्सियस, नागई में 38.5 डिग्री सेल्सियस और ईरोड में 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चेन्नई के नुंगमबक्कम में 36.3 डिग्री सेल्सियस और मीनामबक्कम में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसी बीच, तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। विभाग ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना बनी हुई है। पश्चिमी घाट के जिले, चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, रानीपेट, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई, विलुप्पुरम, तिरुचिरापल्ली, करूर और मदुरै जिलों में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।

आठ अगस्त को थेनी, तेनकासी और तिरुनेलवेली जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी घाट के अन्य जिले, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, रानीपेट, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई, विलुप्पुरम, तिरुचिरापल्ली, करूर और मदुरै जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 9 अगस्त को पश्चिमी घाट के जिले, चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, तिरुचिरापल्ली, करूर और मदुरै जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। 10 और 11 अगस्त को पश्चिमी घाट के जिले, डेल्टा जिले, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और उत्तर तटीय तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, हवा में नमी अधिक रहने के कारण गर्मी का असर और उमस बनी रह सकती है।

चेन्नई और आसपास के इलाकों की बात करें तो आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में शाम या रात के समय मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV